जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान
सीमा पर खड़ा जवान, महाबली भीम-सा अड़ता है,
मानो वह साक्षात प्रलय, बन काल-चक्र से लड़ता है।
उसकी हुंकार सुन नभ का, हर तारा थर-थर कांपे,
वह सिंह-सदृश झपटकर, दुष्टों का मद पल में नापे।
कण-कण में प्राण फूंकता, वह जग का भाग्य विधाता है,
धरती मां के आंचल में वह, सोना रोज उगाता है।
मानो कुबेर का कोष खुला, हो जब वह हल को चलाए,
मेघ राजा इन्द्र भी आकर, उसके सम्मुख शीश झुकाएं।
विज्ञान दीप-सा चमक रहा, तम को पल में हरने को,
धरती से लेकर अम्बर तक, अद्भुत चमत्कार करने को।
मानो विधाता की बुद्धि उतर,आई हो मानव के मन में,
नव क्रान्ति की गंगा बहती, अब देश के कण-कण में।
जब हाथ मिले विज्ञान का तो, हल भी रॉकेट बन जाता है,
सीमा पर खड़ा जवान फिर, काल को भी झुकाता है।
धरती मां खुश होकर मानो, अमृत की वर्षा करती,
इस त्रिवेणी के संगम से, भारत की झोली है भरती।
तीनों का यह अद्भुत मिलन, जैसे सूरज की लाली है,
इनके दम से ही आज देश में, खुशहाली ही खुशहाली है।
मानो साक्षात स्वर्ग उतर, आया हो हिन्दुस्तान में,
सूरज भी शीश झुकाता है, भारत के इस उत्थान में।
-तोषण चुरेन्द्र 'दिनकर'
धनगाँव डौंडीलोहारा बालोद छत्तीसगढ़
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें