एक कोशिश नमन मंच🙏🙏
राधेश्यामी छन्द मात्रा 16, 16
रक्तदान महादान
रक्तदान ही परम धरम है, इससे बढ़कर अब काम नहीं।
जीवन देना ही सेवा है, इसका कोई भी दाम नहीं॥
एक बूँद भी जीवन देती, मुरझाई सी सब कलियों को।
खुशियाँ वापस मिल जाती हैं, सूनी सूनी इन गलियों को॥
अस्पताल में तड़प रहा जो, उसको नवजीवन देना है ।
मानवता का धर्म निभाकर, मन में करुणा भर लेना है ॥
जाति-पाँति का भेद भुलाकर, केवल मानवता बस सोचो।
संकट में जो जीवन फँसता, उसकी तुम पीड़ा सब पोछो॥
कमजोरी कभी नहीं आती है, मन का यह भ्रम क्षण दूर करो।
रक्तदान कर किसी विकल का, तुम सारा जीवन कष्ट हरो॥
चलो आज हम शपथ यह लें, रक्त का नियमित दान करेंगे।
मरते हुए किसी राही का, हम सब मिलकर प्राण भरेंगे॥
तोषण चुरेन्द्र दिनकर
धनगांव डौंडी लोहारा बालोद छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें