रविवार, 23 जनवरी 2022

शब्दकोश शब्द व्यंजना -१से१०तक

 शब्दकोश शब्द व्यंजना -१
💠💠💠💠💠💠💠
१. अक्ल :- समझ या ज्ञान ( स्त्रीलिंग )
विपदा जब भी आत है, करती अक्ल न काम।
सोच बदल तब देत है, पल भर का विश्राम।।

२. अकड़ :- अहंकार या घमण्ड ( स्त्रीलिंग )
हे मनवा सुन लो जरा, करो अकड़ का त्याग।
मन में हो शालीनता, हो हिय में अनुराग।।

३. अकाज :- गलत काम ( पुल्लिंग )
हार गया मनवा सदा, जब जब होय अकाज।
ज्यादा दिन टिकता नहीं, छल के बल पर राज।।

४. अकलसुरा :- अकेले रहने वाला ( पुल्लिंग )
चार चौकड़ी मिल कभी, नवल बीज नहिँ बोय।
सृजन नव्य नित वह करे, अकलसुरा जो होय।।

५. अकरा :- आँवला  ( स्त्रीलिंग )
फल अकरा अनमोल है, मनवा सेहतमंद।
खट्टे-मीठे स्वाद में, देती नव आनंद।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना - २
💠💠💠💠💠💠💠💠

१. अकाल :- भुखमरी ( पुल्लिंग )
थाली खाली है पड़ी, गायब चावल दाल।
कोई राह न सूझता, आया देख अकाल।।

२. अकुल :- बुरा ( पुल्लिंग )
अकुल विचारों से मिली, सुनो सदा ही हार।
हार गले में जीत की, डाले शुभ्र विचार।।

३. अकुलाहट :- घबराहट ( स्त्रीलिंग )
अकुलाहट उर में जगी, छीना सुख अरु चैन।
खोने की डर से सुनो, नींद न आए रैन।।

४. अर्क :- आक का पौधा ( पुल्लिंग )
अर्क औषधी गुण लिए, करे रोग उपचार।
मानो उपवन से मिला, वैद्यराज उपहार।।

५. अर्क :- सूर्य ( पुल्लिंग )
बीत रहा मधुमास अब, बढ़े अर्क का ताप।
जैसे कलियुग में सखा, अविरल बढ़ता पाप।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना -३
💠💠💠💠💠💠💠

१. अखबार :- समाचार पत्र ( पुल्लिंग )
सुनो सदा पढ़ते रहो, मनवा तुम अखबार।
दैनिक इनसे है मिले, घटनाओं का सार।।

२. अखरोट :- एक फल ( पुल्लिंग )
हृदय विकारों को हरे, दे ऊर्जा भरपूर।
बुद्धि तीव्र अखरोट से, हो कैंसर भी दूर।।

३. अखाड़ा :- लड़ने या अभ्यास करने का स्थान  ( पुल्लिंग )
सखा अखाड़ा है सुनो, यह सारा संसार।
कभी हमें है जय मिले, कभी मिले है हार।।

४. अखिलेश्वर :- परमात्मा ( पुल्लिंग )
बीच भँवर में हैं फँसे, कैसे उतरे पार‌।
अखिलेश्वर विनती सुनो, भव से देना तार।।

५. अखौटा :- चक्की के बीच की खूँटी ( पुल्लिंग )
सुनो अखौटा नित खड़ा, दो चक्की को जोड़।
कहे संगठित जो रहे, कोई सके न तोड़।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ४
💠💠💠💠💠💠💠💠

१. अगज :- पहाड़ों की चट्टान से निकले वाली औषधी ( पुल्लिंग )
सुनो शैल चट्टान से, निकले औषध धार।
अगज बड़ा अनमोल है, करे रोग उपचार।।

२. अगर :- एक प्रकार का सुगंधित वृक्ष ( पुल्लिंग )
वृक्ष सुगंधित है अगर, दूर करे सिरदर्द।
उल्टी का उपचार है, हरे हृदय से सर्द।।

३. अगियार :- जो बहुत देर तक जलता रह सकता हो ( पुल्लिंग )
अलख ज्ञान की यूँ जले, जैसे हो अगियार।
जन - जन में होती रहे, सदा ज्ञान संचार।।

४. अगरबत्ती :- अगर की लकड़ी के चूरे से बनी बत्ती ( स्त्रीलिंग )
अगर काष्ठ के चूर्ण से, मिला उन्हें सम्मान।
जला अगरबत्ती करें, नित प्रभुवर का ध्यान।।

५. अगोरदार :- पहरेदार ( पुल्लिंग )
घर का रक्षक बन सुनो, नित्य खड़े जो द्वार।
सारा जग कहता उसे, प्यारे अगोरदार।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ५
💐💠💠💠💠💠💠💐

१. अगौला :- नई फसल की पहली आँटी ( पुल्लिंग )
अपना सब-कुछ झोंक कर, देखे खुला वितान।
देख अगौला खेत में, पुलकित हुआ किसान।।

२. अग्नि :- आग ( स्त्रीलिंग )
अग्नि बड़ी ही तेज है, करती सबको राख।
छेड़ें जो उसको कभी, मनवा बचे न शाख।।

३. अग्नि कर्म :- दाह संस्कार ( पुल्लिंग )
काया से जब छूटता, सखा मनुज के प्राण।
अग्नि कर्म से ही हमें, मिले नित्य निर्वाण।।
 
४. अग्निकांड :- आगजनी की घटना ( पुल्लिंग )
धूँ - धूँ कर उपवन जले, संकट में घर बार।
अग्निकांड के कोप से, उजड़ रहा संसार।।

५. अग्नि कोण :- दक्षिण पूर्व दिशा ( पुल्लिंग )
अग्नि कोण में हो नहीं, कभी सुनो निज द्वार।
वास्तुदोष परिपूर्ण है, उतरे नहीं उधार।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ६
💐💠💠💠💠💠💠💠💐

१. अग्नि दाता :- दाह संस्कार करने वाला ( पुल्लिंग)
नीर नयन से बह रहे, करे पिता का दाह।
बने अग्निदाता तनय, ओझल होती राह।।

२. अग्नि परीक्षा :- कठिन परीक्षा ( पुल्लिंग )
अग्नि परीक्षा की घड़ी, मंजिल बड़ी विशाल।
अनुजों से है आस यह , रोके वे भू- चाल।।

३. अग्निभीति :- आग से डर लगने का रोग ( स्त्रीलिंग )
जलती पावक देख कर, जब - जब डरते लोग।
कहे चिकित्सक आप से, अग्निभीति यह रोग।।

४. अग्नि शिखा :- कलियारी नामक फूलों की बेल ( स्त्रीलिंग )
सुन्दर पुष्पों से लदी, अग्नि शिखा की बेल।
 चंद्रमुखी सी रूपसी, अद्भुत अनुपम मेल।।

५. अग्नि सेवन :- आग तापना ( पुल्लिंग )
शीत लहर बहने लगी, घटी धरा की ताप।
सखा अग्निसेवन करें, मिटे ठंड की छाप।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ७
💐💠💠💠💠💠💠💐
१. अघमर्षण :- पाप नाशक जल ( पुल्लिंग )
जब जब पापी ने किया, अपने बल पर ताव।
पाप हरे सुन लो सदा, अघमर्षण छिड़काव।।

२. अघाट:- जमीन जिसे बेचने का अधिकार न हो ( पुल्लिंग )
रिश्तों की खाई सुनो, दिए पिताजी पाट।
बँटवारे में कर दिया, सारे भूमि अघाट।।

३. अघोर:- शिव जी का एक रूप ( पुल्लिंग )
शिव के जप की गूँज है, देख सखा चहुँओर।
सारा जग दिल से कहे, प्रभुवर शिवा अघोर।।

४. अघोरी :- अघोर पंथ को मानने वाले ( पुल्लिंग )
नित्य करें जो साधना, करें घृणा का त्याग।
बैर अघोरी भूल कर, रखे हृदय अनुराग।।

५. अचलसुता :- पार्वती जी का एक नाम ( स्त्रीलिंग )
भोले की अर्धांगिनी, अचलसुता शुभ नाम।
शिव की सेवा नित करे, पग में चारों धाम।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ८
💐💠💠💠💠💠💠💐

१. अचला :- पृथ्वी ( स्त्रीलिंग )
अचला देती अन्न है, है रत्नों की खान।
सबके हित सम भाव है, मैया कहे जहान।।

२. अचार :- कचूमर ( पुल्लिंग )
देखो मनवा झेलता, महँगाई की मार।
सब्जी गायब हो गई, केवल बचा अचार।।

३. अचेतनक :- बेहोश करने वाली औषधी ( पुल्लिंग )
जब जब चोटें हैं लगी, पीड़ा हुई अपार।
वैद्य राज ने है दिया, अचेतनक हर बार।।

४. अच्छाई :- अच्छा होने का भाव ( स्त्रीलिंग 
अच्छाई से यश मिला, और मिली पहचान।
अच्छाई के बल सदा, श्रेष्ठ बना इंसान।।

५. अच्युत :- भगवान विष्णु ( पुल्लिंग )
जग के कष्टों को हरे, अच्युत पालनहार।
नाश बुराई का करे, लेकर नित अवतार।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- ९
💐💠💠💠💠💠💠💐

१. अचंभा :- आश्चर्य, अचरज ( पुल्लिंग )
देख अचंभा ताल मे, झूमे मेंढ़क मीन।
मगरमच्छ की हो रही, प्रणय मिलन रंगीन।।

२. अचक :- बहुत अधिक, भरपूर ( पुल्लिंग )
ईश्वर के आशीष से, अचक मिला मनमीत।
निज कर्मों से नित्य ही, मिले हार अरु जीत।। 

३. अचकन :- अँगरखे की तरह एक लंबा पहनावा ( स्त्रीलिंग )
नीले अचकन अरु सखा, पहन गुलाबी कोट।
दुल्हा घोड़ी में चले, देख उड़ाते नोट।।

४. अचगरी :- शरारत, नटखटपन ( स्त्रीलिंग )
चलें अचगरी चाल वे, मस्ती करते रोज।
बड़े खुराफाती हुए, करते नित नव खोज।।

५. अचरज :- अचंभा, आश्चर्य ( पुल्लिंग )
अचरज में देखो पड़े, वन में भालू - शेर।
चींटी ने देखो किया, पल में गज को ढ़ेर।।

 शब्दकोश शब्द व्यंजना :- १०
💐💠💠💠💠💠💠💐

१. अजगर :- एक विशालकाय सांप ( पुल्लिंग )
घात लगाए नित्य ही, टपकाता निज लार।
अजगर लेटा शांत है, ढूंढ़े नव्य शिकार।।

२. अजगव :- शिव का धनुष ( पुल्लिंग )
सिया वरण को प्रभु गए, ध्येय हृदय में ठान।
भरी सभा में तोड़ते, अजगव काठ समान।।

३. अजनबी :- अपरिचित, पराया ( पुल्लिंग )
कलियुग के इस दौर में, अपने छोड़े साथ।
सखा अजनबी नित्य ही, बढ़ने को दे हाथ।।

४. अज़मत :- बड़प्पन ( स्त्रीलिंग )
जितना उनके पास है, देते सबको दान।
ज्ञानी की अज़मत यहीं, करे नहीं अभिमान।।

५. अजया :- भांग नामक पौधा ( स्त्रीलिंग )
सेवन अजया का किया, हुआ मनुज मदहोश।
शनै - शनै ही हो गया, निद्रा के आगोश।।

कोई टिप्पणी नहीं:

आगामी

सतनाम

सतनाम सतनाम तै भजले सुजान भागमानी काया मिले सुंदर तै जान भागमानी काया मिले सुंदर तै जान पंचरतन के काया, छिन मा सिराही गा पानी पर...

लोकप्रिय