---<<००: अमर रहेगा गणतन्त्र हमारा :००>>---
{ सार छन्द }
०××××××०
जबतक धरती माता डोले , नभ में चाँद-सितारे ।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।
आजादी हित लड़ी लड़ाई , असंख्य वीर गुमानी ,
अपना सबकुछ त्यागे थे वे , जैसे तिनका मानी ।
प्राणों की है आहुति दी थी , बन बलिदानी सारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।१।।
गोरों की भी खून बहाये , ज्यों गंगा की धारा ,
इंग्लैण्ड गये बदला लेने , फिरंगियों को मारा ।
टूट पड़े थे क्रुद्ध सिंह से , योद्घा कई हमारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।२।।
भारत में है नव आजादी , लाशोंपर चल आयी ,
स्वतन्त्रता के दीवानों को , आँधी खूब चलायी ।
हँसते हुए चढ़े फाँँसीपर , वीर आँख के तारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।३।।
तब जाके आजादी पाये , हर्ष देश में छाया ,
गणतन्त्र प्रणाली लाने का , मसला आगे आया ।
संविधान गढ़ भीमराव ने , दिया हमें जग न्यारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।४।।
लगे वर्ष उभय माह ग्यारह , दिन अट्ठारह बीते ,
जान लचीला यह कठोर है , बाबा मन को जीते ।
इसकी हरपल रक्षा करना , यह दायित्व हमारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।५।।
तीन शतक पंचानबे रहा , अनुच्छेद है भाई ,
बाईस भाग अरु अनुसूची , बारह है सुखदायी ।
इसकी रक्षा 'ठाकुर' करना , कानून के सहारे ।।
तबतक है गणतन्त्र हमारा , अमर रहेगा प्यारे ।।६।।
०××××××०
दि.२२.०१.२२--जगतसिंह ठाकुर 'बंजारीवाले'
९४०६०५७७६३ , ६२६६५२४२६१
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें