---<<००: जीवन सत्य-झूठ का संयोग :००>>---
{ वर्गीकृत दोहा छन्द }
०×××××××××०
करना पालन सत्य का , सबसे दुष्कर काम ।
इस पथपर जो भी चले , मिले नहीं आराम ।।१
{ १४ गु.२० ल. हंस/मराल दोहा }
चलूँ सत्यपर सब कहें , पालें अन्तस झूठ ।
बतलाने से दोष को , जाते तुरन्त रूठ ।।२
{ १६ गु. १६ ल . करभ दोहा }
झूठ बोलना पाप है , बोलें सारे लोग ।
जीवन में चलते रहा , सत्य - झूठ संयोग ।।३
{ १८ गु. १२ ल. मण्डूक दोहा }
झूठ - सत्य साथी रहे , सुख-दुःख-से समान ।
जग चले न इसके बिना , कहते यों विद्वान ।।४
{ १५ गु. १८ ल. नर दोहा }
धूप - छाँव - सा ये रहे , मन में करो विचार ।
झूठ - सत्य के योग से , बना हुआ संसार ।।५
{ १७ गु. १४ ल. मरकट दोहा }
पीठ रहा है सत्य का , मानो प्यारे झूठ ।
होगा दोनों के बिना , सारा जग ही ठूँठ ।।६
{ २० गु. ०८ ल. शरभ दोहा }
सत्य सतत ज्योति सम है , असत्य तम-सा जान ।
अन्धकार बिन रश्मि की , रहे नहीं पहचान ।।७
{ १३ गु. २२ ल. गयन्द दोहा }
सिरजा सत्य-असत्य को , एक ब्रह्म भगवान ।
सकल मनुज इसके बिना , जनम अधूरा जान ।।८
{ १२ गु. २४ ल. पयोधर दोहा }
सत्य दिवस सम झूठ है , रजनी मनहुँ सुजान ।
विधि सिरजन अनमोल है , सुनहु परम बुधवान ।।९
{ ०८ गु. ३२ ल. कच्छप दोहा }
सत्य सदा सुख दे नहीं , झूठ न दे सन्ताप ।
हरिजन कह 'ठाकुर' उभय , सम सुनु मानत आप ।।१०
{ ११ गु. २६ ल. बल दोहा }
०××××××०
दि.१२.०१.२२--जगतसिंह ठाकुर 'बंजारीवाले'
९४०६०५७७६३ , ६२६६५२४२६१
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें