---<<<००: देख नहीं पाता विपक्ष है :००>>>---
{ सरसी छन्द }
०××××××०
रोज - रोज होते रहता है , लोकतन्त्र बदनाम ।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।
जन्मान्ध रहा विपक्ष सारा , होता श्रवण विहीन ,
अन्तर दृग भी बन्द रहा है , आँख-कान से दीन ।
दे न सुनाई और दिखाई , विकास का है काम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।१।।
चाहे तो सत्ता पक्ष करे , अभूतपूर्व विकास ,
दिखाई नहीं दे विपक्ष को , कर लें कोटि प्रयास ।
चक्षु हीन होता विपक्ष है , किस्मत लगता वाम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।२।।
जनता करे प्रगति की बातें , करती वह स्वीकार ,
देता न सुनाई विपक्ष को , है बन्द कर्ण द्वार ।
होता विपक्ष विकल अंग है , आँख-कान नाकाम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।३।।
नहीं देख-सुन वह पाता है , होता अति दिव्यांग ,
वैशाख पुत्र - सा नित रेंके , मुर्गा - सा दे बाँग ।
टर्र - टर्र मेढक - सा करता , मुँह में नहीं लगाम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।४।।
सत्ताधारी यदि विपक्ष में , बैठे खाकर हार ,
अन्धा-बहरा वह बन जाये , आँख-कान लाचार ।
काम करे जो सत्ताधारी , लगे उसे बेकाम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।५।।
राष्ट्रभक्ति में भी है दोनों , कभी न होते एक ,
धन्य-धन्य है लोकतंत्र को , कुरसी हरे विवेक ।
जनतन्त्र रहा 'ठाकुर' ऐसे , भाये मन को नाम ।।
देख नहीं पाता विपक्ष है , सत्ता दल का काम ।।६।।
०×××××××०
दि.०९.०१.२२--जगतसिंह ठाकुर 'बंजारीवाले'
९४०६०५७७६३ , ६२६६५२४२६१
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें